जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी विधायक सरयू राय ने आज कहा कि 12 जनवरी 2023 को युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद की जयंती पर भुवनेश्वरी मंदिर और टेल्को स्थित श्री कृष्ण मंदिर के निकट स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा.
गौरतलब है कि 12 जनवरी को देशभर में युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है.
जमशेदपुर पूर्वी विधायक सरयू राय ने शनिवार को उस स्थल का निरीक्षण किया जहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. यह प्रतिमा जनसहयोग से स्थापित की जा रही है, क्योंकि जिला प्रशासन ने विधायक निधि से प्रतिमा स्थापित करने के लिए राशि आवंटित नहीं की है.
जमशेदपुर पूर्व के विधायक सरयू राय ने कहा कि उन्होंने 6 जनवरी 2022 को पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त को पत्र के माध्यम से इस स्थल पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने के लिए विधायक निधि से राशि जारी करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया था. लेकिन जिला प्रशासन ने इस संबंध में अब तक राशि जारी करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की है.
उन्होंने कहा कि इसके बाद उन्होंने पुन: 14 अक्टूबर 2022 को उप विकास आयुक्त को पत्र लिखकर श्री भुवनेश्वरी मंदिर के निकट वरिष्ठ नागरिकों के लिए पार्क निर्माण के लिए विधायक निधि से राशि जारी करने की संस्तुति की. लेकिन इस पर भी जिला प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की गई, इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।
जिस स्थान पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की जानी है और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक पार्क स्थापित किया जाना है, वह टाटा मोटर्स के सबलीज क्षेत्र में आत है और मुख्य रूप से मंदिर की प्रबंधन समिति द्वारा इसका रखरखाव किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस स्थल पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने और इसे पार्क के रूप में विकसित करने पर न तो टाटा मोटर्स और न ही मंदिर प्रबंधन समिति को कोई आपत्ति है.
गौरतलब है कि 12 जनवरी 2022 को इस स्थल पर प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि पूजन किया गया था, जिसमें जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के पदाधिकारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के लोग उपस्थित थे और यह जानकारी भी अधिकारियों को दी गयी थी.