जमशेदपुर: देश भर में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आज रविवार को भाजपा द्वारा पूर्वी सिंहभूम समेत राज्य के सभी जिलों में तिरंगा यात्रा निकाली गयी।
जमशेदपुर जिला भाजपा द्वारा भी नेताजी सुभाष मैदान से यह यात्रा निकाली गयी, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस मैदान में आकर समाप्त हुई।
जिले के सांसद बिद्युत महतो इस दौरान यात्रा में मौजूद रहे।

वहीं भाजपा जिला कमिटी के पदाधिकारी समेत तमाम वरिष्ठ नेता एवं सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्त्ता इस दौरान हाथों में तिरंगा झंडा लेकर देश प्रेम का सन्देश देते नजर आये।

इस दौरान जिले के सांसद बिद्युत बरन महतो ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने घर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की है। उसी को आगे बढ़ाते हुए भाजपा कार्यकर्ता ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का नारा लेकर तिरंगा यात्रा निकालते हुए एकता और भाईचारा का सन्देश दे रहे हैं।
जमशेदपुर महानगर भाजपा पिछले कई दिनों से इस तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारी करने में जुटी थी।